बिश्नाह। पुलिस ने सोमवार को नशा तस्करी के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया। चोरली गांव में थाना प्रभारी आबिद बुखारी की देखरेख में गाड़ियों की जांच के लिए एक विशेष नाका लगाया गया था। जांच पड़ताल के दौरान एसआई ओम प्रकाश को नाके से पैदल गुजर रही एक महिला की संदिग्ध हरकतों पर शक हुआ। महिला को रुकने के लिए बोला तो उसने भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिस टीम ने महिला को पकड़कर तलाशी ली तो 12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान पोली देवी निवासी चोरली बिश्नाह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।