जम्मू। भारत सरकार के आवास व शहरी मामलों के मंत्रालय ने जून 2024 तक की अवधि के लिए स्मार्ट सिटीज मिशन के विस्तार को मंजूरी दी है। इसमें अधिकांश बड़ी परियोजनाएं दिसंबर 2023 और अन्य मार्च 2024 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर (आईसीसीसी) के लिए डेटा केंद्र और एयरपोर्ट रोड ब्यूटीफिकेशन प्रोजेक्ट की निविदा को स्वीकृति दी गई है। मंडलायुक्त जम्मू व जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) के निदेशक मंडल के अध्यक्ष रमेश कुमार ने मंगलवार को जेएससीएल की निदेशक मंडल की 15वीं बोर्ड बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।
आयुक्त जेएमसी व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), जेएससीएल राहुल यादव ने कहा कि परियोजना के तहत कार्यों में तेजी लाई जा रही है। कोशिश है कि सभी बड़ी परियोजनाएं इस साल दिसंबर तक पूरी कर ली जाएं। निदेशक मंडल ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर के लिए डेटा केंद्र की स्थापना के लिए पीएसयू भागीदारी के साथ फ्लोटिंग निविदा प्रक्रिया को मंजूरी दी। इसके साथ लोगों की सुविधा के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर स्मार्ट शौचालय बनाने की परियोजना पर विचार करने का निर्णय लिया। सीईओ को एयरपोर्ट रोड, जम्मू के सौंदर्यीकरण के लिए परियोजना की परिकल्पना करने का निर्देश दिया।