जम्मू। शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (स्कास्ट) जम्मू आलू फार्म विकसित करेगा। यह फार्म दो हेक्टेयर जमीन पर तैयार किया जाना है। फार्म में आलू की नई किस्मों पर शोध कार्य होंगे। फार्म के लिए जगह की तलाश की जा रही है और इसमें पहले चरण के काम के लिए 10 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। स्कास्ट जम्मू के वैज्ञानिकों के अनुसार मौजूदा समय में आईसीएआर सेंटरल पोटैटो रिसर्च इंस्टीट्यूट कुफरी शिमला में आलू पर शोध हो रहा है। यहीं से आलू की नई किस्मों को लांच होने के बाद प्रदेश में उगाया जा रहा है लेकिन घरेलू स्तर पर आलू पर शोध पर काम शुरू होने के बाद यहां पर नई किस्में सामने लाई जाएंगी।
प्रदेश के पर्यावरण के मुताबिक शोध को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश भर में आलू की खेती तीन हजार हेक्टेयर में ही हो रही है।