कई बार प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद मार्ग की मरम्मत तक नहीं करवाई जा रही
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे के सिडको के पहले फेस से दूसरे फेस तक का चार किलोमीटर मार्ग पूरी तरह से टूट गया है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं कई हादसे भी हो चुके हैं। इस बारे में कई बार प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद मार्ग की मरम्मत तक नहीं करवाई जा रही है।
पिछले दिनों बारिश का पानी गड्ढों में भरने से कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से सिड़को मार्ग की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग उठाई है। ताकि आम लोगों के साथ वाहन चालकों को भी राहत मिले सके। सिडको के चार किलोमीटर मार्ग पर 108 गड्ढे बने हुए हैं।
सिडको के प्रथम व दूसरे फेस में करीब 200 छोटे बड़े कारखाने हैं। ऐसे में कारखानों में काम करने वाले लोगों को आने जाने की परेशानी रहती है, वहीं वाहन चालक परेशान रहते हैं।
मनोज कुमार, स्थानीय निवासी
सिडको मार्ग गत कई वर्ष से टूटा हुआ है। किसी ने इसकी सुध नहीं ली है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। इससे वाहन चालकों को आने जाने की परेशानी बनी रहती है।
अवतार सिंह, स्थानीय निवासी
सिडको मार्ग पर बने गड्ढों के कारण गत माह एक युवक कारखाना में काम के लिए जा रहा था। बारिश का पानी होने के कारण बाइक गडडे में गिर गई युवक की टांग टूट गई थी।
राम पाल, पूर्व सरपंच
सिडको के प्रथम फेस से दूसरे फेज में वडे वाहन गुजरते हैं। इससे मार्ग की तारकोल पूरी तरह से टूट चुकी हैं। सिडको की ओर से मार्ग के कुछ गड्ढ़ों को भरने के लिए कंकर डाले थे। बारिश के कारण वह भी निकल चुके हैं। मार्ग पर बने गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बन रहे हैं।
विनोद कुमार, स्थानीय निवासी
मार्ग की मरम्मत के लिए दो करोड़ के फंड की योजना बनाई जा रही है। चुनावों के बाद इस पर काम किया जाएगा। हमने कुछ गड्ढों को भरने के लिए कंकर बिछाए थे। तारकोल के लिए योजना बनाई जा रही है।
अगिनेंदर बख्शी, अधिकारी सिडको