श्री दुर्गा माता मंदिर में कलश यात्रा के साथ विराट संत सम्मेलन का शुभारंभ
मंदिर से शामका तालाब तक पहुंची यात्रा ने क्षेत्र का माहौल बनाया भक्तिमय
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। कस्बे के वार्ड 10 स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर में शनिवार को कलश यात्रा निकाल 12वें विराट संत सम्मेलन की शुरुआत की गई। सुबह कलश यात्रा महंत मदन लाल महाराज की अध्यक्षता में मंदिर से शुरू हुई और मुख्य बाजार से होते हुए सीमावर्ती गांव शामका के तालाब में संपन्न हुई। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए बढ़ रहे थे, जिससे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया था।
महंत ने बताया कि हर वर्ष दुर्गा माता मंदिर में सभी श्रद्धालुओं के सहयोग से सम्मेलन का आयोजन किया जाता है। इसमें जम्मू-कश्मीर के साथ अन्य राज्यों से भी संत शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हरिद्वार, वृंदावन सहित अन्य धार्मिक स्थलों से संत पहुंचेंगे। वहीं, दुर्गा माता मंदिर कमेटी के देवेंद्र शर्मा, रमेश चौधरी, अशोक गुप्ता, दर्शन चौधरी, यशपाल, आदि ने बताया कि इस संत सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को सनातन धर्म के प्रति जागरूक करना भी है। आज से आरंभ हुआ सम्मेलन 24 मई तक चलेगा। सुबह यज्ञ होगा। दोपहर एक बजे से चार बजे तक सत्संग होगा। हर दिन भंडारा भी लगेगा।