संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। कस्बे के मेन बाजार से अस्पताल सुंगल मोड पर नवनिर्मित इमारत में स्थानांतरित होने पर व्यापार प्रभावित होने की आंशका पर व्यापारी और दुकानदार लामबंद होना शुरू हो गए हैं। मंगलवार को व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और मांग की कि मेन बाजार अस्पताल इमारत में कुछ ओपीडी और आपातकाल यूनिट रखी जाएं। व्यापारियों ने मेन बाजारों से होकर रैली भी निकाली।
कस्बे के महाजन हॉल में एक बैठक हुई, जिसमें सभी व्यापारियों ने समर्थन किया कि मेन बाजार की अस्पताल की इमारत में कुछ ओपीडी रखी जाएं और बुधवार को एसडीएम से व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मिल कर मेन बाजार अस्पताल में कुछ यूनिटों को रखने का आग्रह करेगा। भाजपा शहर अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आश्वासन दिया गया था कि मेन बाजार अस्पताल में कुछ ओपीडी और आपातकाल सेवा रखी जाएंगी, मगर स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को सभी यूनिटों को नये अस्पताल की इमारत में स्थानांतरित कर दिया है। इस प्रक्रिया में सबसे अधिक मेन बाजार का व्यापार प्रभावित होगा। अधिकतर दुकानदार अस्पताल के व्यापार पर ही निर्भर हैं। मौके पर राम लाल, शिव महाजन, अश्वनी गुप्ता, पवन शर्मा, राजेंद्र शर्मा, पवन कुमार, तिलक गुप्ता, आदि मौजूद थे।