संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शिवसेना (यूबीटी) ने चिनैनी-नाशरी प्लाजा पर टोल वसूली को दोगुना करने के फैसले पर कड़ा रोष जताया। इसे वापस नहीं लेने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी। पार्टी कार्यालय में बुधवार को प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने सरकार पर जनता की मांगों के विपरीत फैसले लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता टोल मुक्ति की मांग कर रही है और सरकार दरों को दोगुना कर रही है। महंगाई व बेरोजगारी से जूझ रहे लोगों की जेब पर डाका डालने के लिए नए फरमान दिए जा रहे हैं। जम्मू से धर्मनगरी कटरा तक 140 किलोमीटर में तीन टोल प्लाजा बना दिए गए। साहनी ने कहा कि वित्तीय वर्ष के शुरू में टोल की दर में बढ़ोतरी का प्रावधान है, लेकिन जम्मू-कश्मीर में नियम की अनदेखी की जा रही है। यहां अध्यक्ष महिला विंग मिनाक्षी छिब्बर, महासचिव विकास बख्शी उपस्थित रहे।