अमर उजाला ब्यूरो जम्मू। शिवसेना बाला साहेब ठाकरे जम्मू-कश्मीर इकाई ने टोल प्लाजा पर छूट को लॉकडाउन तक जारी रखने की अपील की है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मनीश साहनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने 25 मार्च को कोरोनो वायरस प्रकोप के मद्देनजर आपातकालीन सेवाओं को आसान बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर अस्थायी रूप से टोल संग्रह को 20 अप्रेल तक निलंबित करने की घोषणा की थी। साहनी ने कहा कि पूरे देश अभी करोना का प्रकोप एवं लाकडाउन बरकरार है लिहाजा केन्द्र सरकार एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएतएआई) को राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल संग्रह फिर से शुरू करने का फैसला वापिस लेना चाहिए। साहनी ने कहा कि इस दौरान मात्र आपातकालीन सेवाएं दे रहे वाहनों ही सड़कों पर दौड़ रहे है जिससे यह सेवाएं प्रभावित होंगी। शिवसेना नेताओं ने राशन सामग्री बांटने की सेवाओं को जारी रखते हुए सोमवार बड़ी ब्राह्मणा में 100 गरीब और असहाय लोगों को राशन बांटा। इसके साथ ही शिवसेना नेताओं ने बड़ी ब्राह्मणा के तेली बस्ती में मिले कोरोना संदिग्धों के बाद वार्ड 7 को सैनिटाइज करवाया। इस मौके पर सचिव राज सिंह , सरपंच मधु चाढ़क, सहसचिव राजू सलारिया, पवन सिंह उपस्थित रहे।