कटड़ा। ताराकोट-साझी छत रोपवे परियोजना के विरोध में श्री माता वैष्णेा देवी संघर्ष समिति के सदस्यों की बैठकों का दाैर जारी है। इसे लेकर श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन के पास पार्क में मंगलवार शाम बैठक की गई। इसमें महिला शक्ति ने एकजुट होकर रोपवे की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया। इसके लिए शुक्रवार को कटड़ा, पैंथल ब्लाॅक सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों की महिलाओं से शालीमार पार्क में दोपहर दो बजे तक पहुंचने का आह्वान किया। महिलाओं ने कहा कि यह लड़ाई बिना लड़े नहीं जीती जा सकती। श्राइन बोर्ड पर आरोप लगाया कि वह मां वैष्णो देवी की प्राकृतिक गुफा के इतिहास को समाप्त करने पर तुला है। अगर बोर्ड व सरकार को विकास करना ही है तो यहां की सड़कें बनवाए, अस्पताल को बेहतर बनाए और कॉलेज खोले ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए जम्मू या उधमपुर न जाना पड़े। कटड़ा का सरकारी अस्पताल रेफरल अस्पताल बनकर रह गया है ऐसा क्यों? कटड़ा में एकमात्र हायर सेकंडरी स्कूल में अध्यापकों की कमी है। इस मौके पर करण सिंह, ओंकार सिंह, सोनू ठाकुर, प्रताप कृष्ण, पन्नी सदोत्रा, सन्नी, नीलम शर्मा, वरुण मगोत्रा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहे । संवाद