फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाहपुर विस्फोट मामला: राजोरी पुलिस और सैन्य टीम ने जांचा घटनास्थल, शक के आधार पर संदिग्धों को पकड़ा

Tue, 26 Apr 2022 03:45 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

राजोरी जिले के शाहपुर इलाके में हुए विस्फोट की जांच तेज हो गई है। सोमवार को सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से घटना की जांच तेज कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की। 
विज्ञापन
राजोरी में जांच करते सुरक्षाकर्मी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले में बुद्धल ब्लॉक के शाहपुर इलाके में रविवार को हुए संदिग्ध विस्फोट की जांच तेज हो गई है। शक के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि इस पर पुलिस आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बता रही है। इस बीच सोमवार को एसएसपी मोहम्मद असलम और बुद्धल के समोट स्थित सेना की राष्ट्रीय राइफल बटालियन के कमांडिंग अफसर ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस व सेना के तकनीकी विशेषज्ञों की टीमों ने विस्फोट स्थल से कुछ सबूत जुटाए और विस्फोटक सामग्री को जांच के लिए कब्जे में लिया।

राष्ट्र विरोधी तत्वों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा

सेना व पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि आपसी प्रेम व भाईचारे को खराब करने के लिए काम कर रहे राष्ट्र विरोधी तत्वों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लोगों से अपील की कि वह हर हाल में आपसी प्रेम व भाईचारा बनाए रखें। किसी के बहकावे में न आएं। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र में कई लोगों से पूछताछ की।

पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है

इस बात का पता लगाने का प्रयास किया कि विस्फोट के दौरान या उससे पहले किसी अनजान व्यक्ति को गांव में देखा गया था या नहीं। फिलहाल पुलिस या सेना का कोई भी अधिकारी इस संबंध में अधिक जानकारी तो नहीं दे रहा, लेकिन सूत्रों के अनुसार पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

विस्फोट करके दहशत फैलाने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए

पुलिस मामले की जांच में जुटी है, ताकि जल्द से जल्द विस्फोटों की गुत्थी को सुलझा लिया जाए। इस दौरान स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने भी पुलिस और सेना से अपील करते हुए कहा कि बार-बार विस्फोट करके दहशत फैलाने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ताकि लोगों का विश्वास बना रहे और लोग जिस प्रकार की दहशत से गुजर रहे हैं उनको राहत मिले।

एक माह में चार विस्फोट, किसी का नहीं मिला सुराग

26 मार्च से 24 अप्रैल तक कोटरंका में 4 संदिग्ध विस्फोट हो चुके है। अभी तक पुलिस एक भी मामले को सुलझा नहीं पाई है। इससे पहले राजोरी पुलिस 26 मार्च को कोटरंका बाजार में हुए दोहरे विस्फोट और 19 अप्रैल को कोटरंका में पुल के नीचे झुग्गियों में विस्फोट करने वाले दोषियों को गिरफ्तार कर पाती, राष्ट्र विरोधी तत्वों ने रविवार को एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज करते हुए शाहपुर इलाके में हमला कर एक शादी समारोह को निशाना बनाया। वहां काम कर रहे टेंट हाउस के दो  कर्मियों को घायल कर दिया था।

वारदातों से लोगों में काफी दहशत का माहौल बना है

इस बार भी राष्ट्र विरोधी तत्वों ने अपने आकाओं के निर्देश में एक विशेष समुदाय के सदस्यों को निशाना बनाने का प्रयास किया। क्योंकि शाहपुर के जिस स्थान पर विस्फोट हुआ वहां अल्पसंख्यक समुदाय के लोग रहते हैं। इससे पहले कोटरंका में झुग्गियों में भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को निशाना बनाते हुए उत्तर प्रदेश निवासी दंपती को घायल किया था। बार-बार अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को निशाना बनाने की वारदातों से लोगों में काफी दहशत का माहौल बना है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें