अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश में लगभग 10.12 लाख विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के लाभार्थी हैं। इन्हें समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रतिमाह एक हजार रुपये पेंशन दी जा रही है। गलत दस्तावेज लगाकर पेंशन के मामले आने के बाद विभाग ने लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए हैं। अब लाभार्थी आवेदन तो कर रहे हैं, लेकिन कभी सेवा केंद्रों का सर्वर हांफ रहा है तो कई बार विभाग की वेबसाइट धोखा दे रही है। ऐसे में आवेदन करने में ढाई से तीन घंटे लग रहे हैं।
दरअसल, प्रशासन को बड़ी संख्या में गलत तरीके से पेंशन लेने की शिकायतें मिली थीं। गंभीरता को देखते हुए समाज कल्याण विभाग ने मार्च में आदेश जारी किया, जिसमें कहा कि पेंशन का लाभ उन्हीं को मिलेगा, जिन्होंने पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया है। लाभार्थियों को जुलाई तक का समय दिया गया, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते अंतिम तिथि 30 अगस्त कर दी।
लाभार्थी शाम लाल, रीता देवी, किरण, तरसेम और अल्ला रक्खा का कहना है - ऑनलाइन आवेदन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वेबसाइट बंद रहती है तो कभी सेवा केंद्रों पर सर्वर डाउन होने के चलते प्रक्रिया पूरी करने में पूरा दिन बीत जाता है। आवेदन करने में इतने दस्तावेज पूरे करने पड़ते हैं कि ढाई से तीन घंटे अलग से बर्बाद हो जाते हैं।
बचे हुए लोगों को दिया मौका
नए पात्रों और पुराने लाभार्थियों को पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने का समय दिया है। निर्धारित तिथि बीतने के बाद अन्य विकल्पों पर निर्णय लिया जाएगा। अभी विभाग ज्यादा से ज्यादा पात्रों को पेंशन देना चाहता है। इसलिए आदेश के चार माह बीतने के बाद भी बचे लोगों को आवेदन के लिए एक और मौका दिया है।
पेंशन के लिए आवेदन करने वालों लोगों की मदद की जा रही है। विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। यदि कहीं किसी को दिक्कत आ रही है तो वह अधिकारियों से मिले, तुरंत समस्या का समाधान किया जाएगा।
-शीतल नंदा, आयुक्त एवं सचिव समाज कल्याण विभाग, जम्मू