घगवाल। कस्बे के गांव रघुचक में छोटी नहर की सफाई नहीं होने पर नहर में झाड़ियां उग चुकी हैं। गांव के लोगों का कहना है कई वर्षों से इस नहर की सफाई नहीं कराई गई। नहर कई गांवों के बीचोबीच निकली हुई है। इसी कारण नहर में पानी काफी समय से जमा है जिस कारण पानी सड़ जाने के कारण पानी में बदबू हो गई है। नहर में काफी गंदगी है।
इससे गांव में कई तरह की बीमारियां फैलने का लोगों में डर समाया हुआ है। गांव के लोगों ने सिंचाई विभाग से मांग की कि जल्दी से जल्दी नहर की सफाई कराई जाए, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित नहीं हों और नहर का पानी किसानों के खेत तक पहुंचाने को लेकर विभागीय अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। गांव के लोगों बलदेव सिंह, अभय सिंह, अरुण सिंह, राम सिंह ने बताया कि नहर की सफाई करीब 10 वर्षों से नहीं हुई है, न ही टूटी नहर की मरम्मत हुई है। नहर देखरेख के अभाव में जंगल बन चुकी है। नतीजतन किसानों को सिंचाई के लिए पंप सेट का सहारा लेना पड़ रहा है। नहर की सफाई नहीं होने से किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने मांग उठाई है कि नहरों की सफाई कराई जाए।