संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। आफरीन हैदर ने 39वीं राष्ट्रीय सीनियर ताइक्वांडो चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन किया। गुवाहाटी के असम में नौ से 11 सितंबर तक चैंपियनशिप में जम्मू-कश्मीर के इतिहास में क्योरूगी में पहला सीनियर रजत पदक जीता। लगातार पांच मुकाबलों में राजस्थान, सिक्किम, मणिपुर, मध्यप्रदेश और केरल के खिलाफ जीत दर्ज की।
भारतीय ताइक्वांडो महासंघ के तत्वावधान में ऑल असम ताइक्वांडो एसोसिएशन ने प्रतियोगिता का आयोजन किया था। सीनियर नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने के बाद आफरीन ने जेएंडके ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से आयोजित और जम्मू-कश्मीर खेल परिषद की ओर से प्रायोजित कैंप में कड़ी मेहनत की थी। जेएंडके ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश पंगोत्रा और उपाध्यक्ष निसार हुसैन ने सफलता के लिए खिलाड़ी को बधाई दी। सचिव रमेश चंद्र शर्मा ने जेएंडके स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव नुजहत गुल को समर्थन के लिए विशेष धन्यवाद दिया।