जम्मू-पठानकोट हाईवे पर नाके लगा कर की जा रही वाहनों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हाईवे से भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा तक सुरक्षा बल तैनात हैं। जम्मू-पठानकोट हाईवे पर नाके लगा कर पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों के जवान वाहनों की जांच कर रहे हैं। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस के साथ बीएसएफ के जवान भी चौक-चौराहों पर तैनात किए गए हैं।
रक्षा सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर आतंकियों को भेजे जाने के इनपुट मिलने पर बीएसएफ के जवानों ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस की है। घुसपैठ के मार्गों पर भी चौकसी है। सूत्रों के अनुसार सांबा सेक्टर की ओर पाकिस्तान ने दो लांचिंग पैड बनाए हैं। यहां पर आतंकवादियों को बैठाया जाता है। सीमा की रेकी करने के बाद उन्हें घुसपैठ करवाई जाती है। इसे लेकर सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। लोग बेखौफ होकर आजादी का जश्न मनाएं। बीएसएफ ने सीमा पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी है। सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर जाने वाले संपर्क मार्गों पर भी नाके लगाए गए हैं। जिले भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संदिग्ध लोगों पर भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने रखी हुई है।