सांबा के नोनाथ में तालाशी अरभियान मे जुटे पुलिस ब सुरक्षा बल के जवान
- फोटो : SAMBA
सांबा। पुलिस एसओजी व सुरक्षा बलों की ओर से तलाशी अभियान जारी है। सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ हाईवे के किनारों को भी सुरक्षा बल के जवान खंगाल रहे हैं। अमरनाथ यात्रा को प्रभावित करने के लिए पाकिस्तान की ओर से हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। यात्रा में खलल डालने की देश विरोधी तत्वों के पूरे प्रयास हो रहे हैं।
ऐसे में पुलिस व सुरक्षा बल के जवान दिन रात अपनी ड्यूटी को अंजाम देने मे जुटे हैं। इसी संदर्भ में बुधवार को नोनाथ क्षेत्र के नदी नालों में तलाशी अभियान चलाया गया। नाले, सरकंडों व नर्सरी को जवानों ने चप्पा-चप्पा छाना। ऑपरेशन की कमान संभाले डिप्टी एसपी ऑपरेशन गारू राम के अनुसार देश विरोधी तत्वों को कोई मौका नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस एसओजी, सीआरपीएफ व बीएसएफ के जवान सतर्क हैं।
सनद रहे कि गत वर्ष इसी क्षेत्र से पाकिस्तानी ड्रोन से हथियार गिराए गए थे, जिन्हें एक ट्रक चालक कश्मीर लेकर जा रहा था, जिसे रास्ते में ही पकड़ लिया था। उसने माना था कि नोनाथ खड्ड से उसने हथियार उठाए थे। इसको लेकर पुलिस व सुरक्षा बल इस क्षेत्र में तलाशी अभियान में जुटे हैं।