सांबा। लोकसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच पाकिस्तान की नापाक हरकतों को लेकर सुरक्षा बल व सेना के जवान पूरी तरह से सतर्क हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर पहाड़ी क्षेत्र तक सेना व पुलिस के जवान तलाशी अभियान में जुटे हुए हैं।
रक्षा सूत्रों के अनुसार कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बलों की चौकसी के चलते पाकिस्तानी रेंजर्स की मदद से घुसपैठिए अब नियंत्रण रेखा के जरिए घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि लोकसभा चुनाव के दौरान जम्मू कश्मीर में खलल डाला जाए। सूत्रों के मुताबिक कश्मीर के जंगलों से आतंकियों के निचले भागों में आने की आशंका पर सेना व सुरक्षा बल पहाड़ी क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को सेना व पुलिस ने संयुक्त रूप से पहाड़ी क्षेत्र सरना, खिरड़ी व आसपास के क्षेत्रों को खंगाला। तलाशी अभियान का नेतृत्व डिप्टी एसपी गारू राम कर रहे थे। उनके साथ सेना के पैरा कमांडो भी थे।