सांबा। जिले के पैंठी के निकट पुल्ला खड्ड में संदिग्ध देखे जाने की सूचना पर सुरक्षाबलों ने रविवार को तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, पीओके में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की ओर से आतंकियों के दस्ते तैयार कर जम्मू-कश्मीर में भेजे जाने के इनपुट हैं। इसको लेकर सेना, पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां को अलर्ट पर रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, रविवार को पुल्ला खड्ड में एक परिवार ने संदिग्ध को देखा, जो उनके घर में पानी मांगने आया था। परिजनों के अनुसार, उसने सिर पर काला कपड़ा बांध रखा था। उस व्यक्ति को देखकर घर के सभी सदस्य अंदर चले गए। कुछ देर बाद व्यक्ति वहां से चला गया। इसके बाद पुलिस, सेना व बीएसएफ की ओर से क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। इससे पहले बीते दिन दविका व चनूरी में संदिग्ध लोगों के देखे जाने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया था। संवाद