उधमपुर। बसंतगढ़-डुडू में आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन बुधवार को भी जारी रहा। हालांकि अभी तक सफलता नहीं मिली है। सुरक्षाबलों ने बसंतगढ़ के कदवा, लोदरा, ताराटाॅप, दरुंटाॅप, खंडारा टॉप, जुलाहा टाॅप, चोचरू गला सहित अन्य इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। डुडू में भी सियोजधार, मरमत, पत्नीटाॅप, डोडा, भद्रवाह से जंगलों से निकलते सभी रास्तों की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दो दिन पहले डुडू के सुदूरचिल इलाके में आतंकियों ने पुलिस के विशेष दस्ते और सीआरपीएफ के संयुक्त गश्ती दल पर दोपहर को घात लगाकर हमला किया था। इसमें सीआरपीएफ 187वीं बटालियन का एक इंस्पेक्टर बलिदान हो गया था। उसके बाद से ही सुरक्षाबलों ने बसंतगढ़-डुडु मेें सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्र व घने जंगल होने के बावजूद सुरक्षाबल पूरी मुस्तैदी के साथ आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रहे है।