उधमपुर। आतंकियों की धरपकड़ के लिए बसंतगढ़ व डुडू में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को 17वें दिन भी तलाशी अभियान जारी रखा। जिला कठुआ के जोथाना में छह संदिग्ध देखे जाने के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी के साथ क्षेत्रों को खंगाल रहे हैं। इसमें सेना, सीआरपीएफ, पुलिस, एसओजी के जवान डटे हुए हैं। पहाड़ों व घने जंगलों में डॉग स्क्वॉयड के साथ ड्रोन की मदद ली जा रही है।
उधर, गुज्जर-बकरवाल समुदाय के लोग मैदानी इलाकों से पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। ये लोग बसंतगढ़-डुडू होते हुए डोडा, किश्तवाड़ और श्रीनगर जाते हैं। इन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा बलों ने इन क्षेत्रों की घेराबंदी कर रखी है। एसडीपीओ रामनगर मंजीत सिंह ने बताया कि जब से कठुआ के जोथाना में संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिली है तब से ही यहां पर अलर्ट जारी करते हुए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। जोथाना से बसंतगढ़ व डुडू की ओर आने वाले रास्तों पर चौकसी को बढ़ा दी है। संवाद