संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। एसडीएम चौकी चौरा वीरेंद्र गुप्ता ने राजस्व टीम के साथ कनेहड़ी पंचायत का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके उचित हल के लिए दिशानिर्देश दिए। वार्ड 7 के ग्राम कडूमा निवासी पूर्व पंच बाबू राम की शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने पंच के घर को बारिश से जमीन धंसने पर हो रहे नुकसान का जायजा लिया। एसडीएम ने मौके पर संबंधित पीआरआई सदस्य को सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने व बारिश के पानी की उचित निकासी करने की जिम्मेदारी दी।
इसके बाद अशोक कुमार पुत्र संसार चंद निवासी ग्राम लगूमा की अवैध निर्माण की शिकायत पर एसडीएम ने प्रतिक्रिया देते करते हुए तहसीलदार चौकी चौरा को फोन पर निर्देश दिया कि इस मामले पर कार्रवाई करने के लिए नायब तहसीलदार को तैनात करें। लौटते समय एसडीएम ने सरकारी हाई स्कूल कनेहड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में स्टाफ के उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। एसडीएम ने बगल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घार का भी निरीक्षण किया। पीएचसी व आईएसएम डिस्पेंसरी की ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को पीएचसी भवन की उचित देखभाल करने का निर्देश दिया। इस दौरान यातायात मानदंडों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम ने एक नाका लगाया और उल्लंघन करने वालों से 4300 रुपये जुर्माना वसूला।