संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। एमए स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में जारी पंडित डीडी मगोत्रा मेमोरियल जम्मू ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दिन बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दूसरे दिन लड़कों और लड़कियों के अंडर-11, 13 और 15 के एकल और युगल मुकाबले हुए। लड़कों के अंडर-13 आयुवर्ग के युगल मुकाबले में शास्वत और तेजस्वरी की जोड़ी ने अयान और सूरज की जोड़ी को 21-13 और 21-15 से हराया। इसी तरह अविराज और रितुअल की जोड़ी ने धीरज और गोविंद की जोड़ी को 21-09, 21-10 से और हर्ष व विवान की जोड़ी ने आरव और विवान गुप्ता की जोड़ी को 21-12, 21-12 के लगातार दो सेटों में पराजित किया।
वहीं, स्पर्श और कविष की जोड़ी को अयांश और वंश की जोड़ी के हाथों 15-21, 17-21 से और देवेश व दोनिस की जोड़ी को आरव मल्ल और रिषित की जोड़ी के हाथों 09-21, 09-21 से हार का सामना करना पड़ा। एकल मुकाबले में कार्तिक गुप्ता ने अध्यान को 21-14, 21-16 से, कर्णवीर सिंह ने विवान चिब को 21-15, 21-13 से और कनिष्क मल्ल ने अरुष पाधा को 21-09, 21-09 से हराया, जबकि दिनेश बख्शी को हर्ष शर्मा के हाथों 08-21 और 18-21 से पराजय झेलनी पड़ी।
लड़कियों के अंडर-13 आयुवर्ग के एकल मुकाबले में पावनी गुप्ता ने सान्वी को 21-04, 21-06 से और तारा शान ने ऐरी गुप्ता को 21-16, 23-25, 21-09 से हराया। वहीं, प्रनीति को अक्षिनी मन्हास से 05-21, 14-21 से और भाव्या को एलीना भाउ से 12-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। लड़कों में हर्ष शर्मा, आरव मल्ल, उत्कर्ष भाउ और अर्षन अहमद ने मुकाबले जीते।