बारिश आयोजन में बनी बाधा, एसजीपीसी अमृतसर 2-1 से आगे, शेष खेल आज
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। सात दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट सरबत दा भल्ला का आगाज सोमवार को केके हक्कू हॉकी स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन मैच एसजीपीसी अमृतसर और राउंड ग्लास हॉकी अकादमी के बीच खेला गया। खराब मौसम के कारण मैच पूरा नहीं हो सका। खेल रोके जाने तक एसजीपीसी अमृतसर 2-1 से आगे है। राउंड ग्लास हॉकी अकादमी ने अब तक केवल 1 गोल किया है। शेष मैच मंगलवार को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि ट्रांसपोर्ट कमिश्नर सरदार राजिंदर सिंह तारा और सम्मानित अतिथि संभागीय खेल अधिकारी जम्मू बलजिंदर सिंह ने किया। इस दौरान सिख प्रोग्रेसिव फ्रंट के अध्यक्ष सरदार बलविंदर सिंह ने कहा कि श्री नानक देव जी की 555वीं जयंती मनाने के लिए संगठन ने मानवता और सार्वभौमिक भाईचारे का संदेश फैलाने व जम्मू-कश्मीर में हॉकी को बढ़ावा देने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन करने का निर्णय लिया। मैच का संचालन अमित शर्मा और अश्वनी कुमार अंतरराष्ट्रीय अंपायर ने किया और तकनीकी प्रतिनिधि महेश कुमार ने मैच की निगरानी की। मौके पर आयोजन सचिव सरदार मंजीत सिंह, संयुक्त सचिव सरदार राजिंदर सिंह सूदन, जनक सिंह, सरदार इकबाल सिंह, सरदार परमजीत सिंह, डॉ. हरबिंदर सिंह, केके हक्कू स्टेडियम के मैनेजर अजय गुप्ता, सरदार सुरजीत सिंह महासचिव डीजीपीसी जम्मू, सरदार तेजिंदर सिंह सदस्य डीजीपीसी, सरदार जसविंदर सिंह कुक्कू, सरदार शरणजीत सिंह शंटी, सरदार एमएस रीन आदि मौजूद रहे।
आज के मुकाबले
मंगलवार को तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला बठिंडा इलेवन और विजय क्लब बारामूला के बीच सुबह 9:00 बजे, दूसरा मैच वाईबी हॉकी क्लब सुजानपुर और जीएनएन हॉकी क्लब के बीच शाम 3:45 बजे और तीसरा मैच शाम 5:45 बजे पावर हाउस हॉकी क्लब पुंछ और संगर सेल्स हॉकी क्लब अनंतनाग के बीच खेला जाएगा