सांबा। दिल्ली विस्फोट के बाद दोनों देशों के बीच उपजे तनाव के चलते भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सीमा के निकट सुरक्षा बल व पुलिस की ओर से लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस व सुरक्षा बलों की ओर से आज रीगाल, मावा के सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया। गत दिनों भारत पाक सीमा के निकट गांव रीगाल में मध्य रात्रि को पाकिस्तानी ड्रोन की हलचल देखी गई। इस पर अगले ही दिन बीएसएफ व पुलिस ने क्षेत्र के सभी नदी नाले खंगाले गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता है, जिस पर पुलिस व सुरक्षाबल दिन-रात चौकसी रखे हुए हैं। बीएसएफ के एक अधिकारी के अनुसार पाकिस्तानी ड्रोन पर उनके जवान पूरी तरह से नजर रखे हुए हैं। डीआईजी ने भी सीमावर्ती लोगों को भरोसा दिलाया था कि उनके जवान सीमा की निगरानी के लिए दिन रात एक कर रहे हैं। पाकिस्तान की किसी भी नापाक हरकत का कड़ा जबाव दिया जाएगा।