बाड़ी ब्राह्मणा। नगर पालिका बाड़ी ब्राह्मणा को जल्द ही नया चेयरमैन मिल सकता है। बीते दिनों चेयरमैन पूरन चंद ने उनके ऊपर पार्षदों की ओर से बनाए दबाव के चलते इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा जिला चुनाव अधिकारी को भेजा गया है, एक-दो दिन में इस पर जवाब आ जाएगा और उसके बाद चुनाव के लिए नए सिरे से नोटिफिकेशन निकाली जाएगी। ईओ जोधराज ने बताया कि जिला चुनाव अधिकारी से जैसे ही फैसला आता है तो एक माह के भीतर चेयरमैन के पद के लिए चुनाव करवा दिया जाएगा। दूसरी ओर अटकलें लगाई जा रही हैं कि नया चेहरा भी भाजपा का ही सामने आएगा, जिसके लिए दो व्यक्तियों में चेयरमैन बनने की होड़ लगी हुई है और पार्टी के फैसले के बाद ही उनके नाम के ऊपर मुहर लगाई जाएगी। अगर विपक्ष की बात की जाए तो पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, क्योंकि नेकां के प्रतिद्वंद्वी ही भाजपा को चुनौती देते थे, लेकिन पूर्व मंत्री के भाजपा में शामिल होने के बाद स्थिति बदल गई है। ऐसी भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि उप चेयरमैन के चुनाव में भी भाजपा की आपसी कलह सामने आई थी, जिससे पार्टी को हार मिली थी, नेकां के प्रत्याशी ने इसमें बाजी मारी थी, लेकिन इस बार भी अगर ऐसा ही हुआ तो नतीजा कुछ और भी हो सकता है।