सांबा। भाजपा में शामिल होने के बाद पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया ने सोमवार को सुंब ब्लॉक का दौरा किया और पार्टी कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों से बातचीत की। स्थानीय लोगों ने उनको क्षेत्र की समस्याएं बताईं। बताया कि सांबा-सुंब सड़क का काम कई वर्षों से अधर में लटका है, जिससे परेशानी हो रही है। जिला प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद काम नहीं करवाया जा रहा। कई विकास कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, लेकिन काम शुरू नहीं हो पा रहा। भाजपा नेता ने आश्वासन दिया कि वह जल्द उपराज्यपाल और डीसी से मिलकर समस्याओं को हल करवाएंगे। मौके पर बालेतर पंचायत के सरपंच सूरज प्रकाश वर्मा, तलूर के सरपंच चमन लाल, पटेयाड़ी पंचायत के सरपंच बलदेव सिंह, समलाह के नायब सरपंच थोडू राम, आमली पंचायत के नायब सरपंच नरेश कुमार भी मौजूद रहे।