जिले में आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती, की जा रही निगरानी
सोमवार को विजयपुर सहित घगवाल में चलाया था अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। लोकसभा के चुनावों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। आचार संहिता लागू होने के बाद अब जिले में राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स हो उतारने का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को सांबा कस्बे में प्रशासन ने नगर परिषद की टीम के साथ हाईवे से कस्बे तक अभियान चला कर होर्डिंग्स उतारे गए। इससे पहले सोमवार को विजयपुर और घग्वाल में कार्रवाई की गई थी।
घगवाल में तहसीलदार, विजयपुर में डीसी अभिषेक शर्मा व एसएसपी विनय शर्मा की देख रेख में बैनरों को उतारा गया। साथ ही अतिक्रमण को भी हटाया गया। कई राजनीतिक दलों की ओर से शिकायत भी की गई थी। वहीं, जिला चुनाव अधिकारी के निर्देश पर सख्ती बढ़ना शुरू हो गई है। इसके साथ ही आचार संहिता के संबंध में निगरानी की जा रही है। डीसी ने स्थानीय लोगों, राजनीतिक दलों और कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही बाजारों में अतिक्रमण न कर चुनाव में उत्साह के साथ हिस्सा लेने के लिए कहा है।
जिले में सीमा तक सुरक्षा कड़ी
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट थे कि पाकिस्तान चुनाव में कोई गड़बड़ी कर सकता है। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र की बॉर्डर पुलिस चौकियों पर तैनात जवानों को अति सतर्क रहने के लिए कहा गया है। घुसपैठ के संभावित मार्गाें पर विशेष नाके लगाए गए हैं। एसएसपी के अनुसार कि लोकसभा चुनाव को लेकर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।