रविवार को दरिया पार करते हुए बह गया था बाढ़ में
चौथे दिन भी चला तलाशी अभियान, घटनास्थल से आधा किमी दूरी से बरामद हुआ शव
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। बसंतर दरिया में बहे युवक का शव बुधवार को चौथे दिन एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने बरामद कर लिया है। उसकी पहचान सचिन सिंहनिवासी सराल के रूप में हुई है। वह रविवार को बसंतर दरिया को पार करते समय बाढ़ की चपेट में आ गया था। वहीं, शाम को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रविवार को सचिन सिंह दो अन्य साथियों के साथ बसंतर दरिया पार कर रहा था। इस दौरान पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश के चलते दरिया में अचानक बाढ़ आ गई। उसके दो साथ पीछे हट गए। लेकिन सचिन तैरना जानता था, जिस कारण उसने दरिया पार करने का निश्चय किया और बाढ़ की चपेट में आ कर बह गया। सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और एनडीआरफ के सहयोग से लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। बुधवार को चौथे दिन घटनास्थल से मात्र आधा किलोमीटर दूरी पर उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला। इसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को परिवार के हवाले कर दिया गया। वहीं, शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।