जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने नौशेरा सेक्टर में किया नियंत्रण रेखा का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। सेना की वाइट नाइट कॉप्स के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने राजोरी के नौशेरा सेक्टर में एलओसी का दौरा कर जवानों का मनोबल बढ़ाया। राजोरी में नियंत्रण रेखा से सटे अग्रिम इलाके में जीओसी ने जवानों से मुलाकात कर दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने के निर्देश दिए। उन्होंने सेना के जवानों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि वे इसी तरह से सतर्कता और ऊंचे मनोबल के साथ दुश्मन की हर साजिश को नाकाम करें।
सेना के उच्च अधिकारियों ने जीओसी को नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए की गई तैयारियों के बारे में जानकारी दी। बताया कि पाकिस्तानी सेना की मदद से आतंकी घुसपैठ का प्रयास करते हैं तो उन्हें वहीं ढेर करने की पूरी तैयारी है। जिले में संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाओं और एलओसी पर पाकिस्तानी घुसपैठ की कोशिशों के इनपुट के बीच जीओसी ने अफसरों और जवानों से मुलाकात की। उन्होंने सैनिकों द्वारा अपनाई गई ऑपरेशनल तैयारी और घुसपैठ रोधी ग्रिड पर भरोसा जताया।
अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने राजोरी और नौशेरा में नियंत्रण रेखा पर हालात की समीक्षा की। सैन्य कमांडर ने कहा कि वह नियंत्रण रेखा पर पहले से अधिक सतर्कता बरतें और किसी भी नापाक कोशिश को नाकाम करें। लेफ्टिनेंट जनरल ने पीर पंजाल के पहाड़ी इलाकों में मौजूद आतंकियों के किसी भी ग्रुप को जल्द ढेर करने के लिए आपसी तालमेल पर बल दिया।
उल्लेखनीय है कि एक जनवरी को ढांगरी में हुए सामूहिक हत्याकांड और उससे पहले अल्फा टीसीपी के पास संदिग्ध गोलीकांड में दो लोगों की मौत के बाद राजोरी शहर में आईईडी बरामद हुआ। अंदरूनी इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही हैं। इसके अलावा ढांगरी हत्याकांड में शामिल आतंकियों का 2 महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं, नियंत्रण रेखा पर भी हलचल देखने को मिली है। पाकिस्तान ने कई बार घुसपैठ के प्रयास भी किए, जिन्हें सेना के जवानों ने नाकाम कर दिया।