जम्मू। रन फार राम अल्ट्रा मैराथन के तहत अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव पुंछ के बूढ़ा अमरनाथ से अयोध्या तक पैदल सफर पर निकले हैं। 224 किमी. का पैदल सफर तय कर यादव बुधवार को जम्मू पहुंचे। अब जम्मू से वह अपनी आगे की यात्रा शुरू करेंगे। यादव ने इससे पहले रामेश्वरम से अयोध्या तक 2931 किलोमीटर की दूरी पैदल तक की है।
रन फॉर राम अल्ट्रा मैराथन की शुरुआत 3 जून को बूढ़ा अमरनाथ से विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ हुई थी। अल्ट्रा मैराथन सात राज्यों से होकर गुजरेगी और 1600 किलोमीटर का सफर तय होगा। जुलाई के पहले सप्ताह में अयोध्या पहुंचने का लक्ष्य है। मैराथन में वर्तमान समय में प्रतिदिन 50 से 55 किलोमीटर की दूरी तय की जा रही है। नरेंद्र सिंह यादव माउंटेन रिंग में वर्ल्डकिंग की उपाधि, पांच महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटी फतह कर डेढ़ दर्जन विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। ब्यूरो