जम्मू। जम्मू-कश्मीर पुलिस अपने सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत 2 अक्टूबर को श्रीनगर में रन फॉर पीस कश्मीर मैराथन कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। लेक व्यू पुलिस गोल्फ कोर्स बुलेवार्ड रोड श्रीनगर में आयोजित होने वाले रन फॉर पीस कश्मीर मैराथन कार्यक्रम के सुचारू संचालन के संबंध में शुक्रवार को एपीएचक्यू कॉन्फ्रेंस हॉल श्रीनगर में एक समीक्षा बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीजीपी सशस्त्र जम्मू-कश्मीर जाविद मुजतबा गिलानी ने की।
यह कार्यक्रम जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह के संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है, जबकि एडीजीपी सशस्त्र जम्मू-कश्मीर एसजेएम गिलानी आयोजन समिति के अध्यक्ष होंगे। डीआईजी सशस्त्र कश्मीर रेंज शाहिद मेहराज इस कार्यक्रम के आयोजन सचिव होंगे। बैठक के दौरान कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आयोजन से संबंधित सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस आयोजन में 13 श्रेणियों में पूरे जम्मू-कश्मीर से लगभग 3000 एथलीटों के भाग लेने की उम्मीद है। भाग लेने के इच्छुक एथलीटों के पंजीकरण के लिए यूटी भर में 10 से 25 सितंबर तक विभिन्न स्थानों पर 9 पंजीकरण काउंटर पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें एसडीपीओ कार्यालय नेहरू पार्क, लेक व्यू पुलिस गोल्फ कोर्स श्रीनगर, एसके इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स श्रीनगर, कश्मीर यूनिवर्सिटी, गिंडुन ग्राउंड राजबाग श्रीनगर, पुलिस पब्लिक स्कूल बेमिना, गुलशन ग्राउंड जम्मू, एमए स्टेडियम जम्मू और जम्मू यूनिवर्सिटी शामिल है। बैठक में डीआइजी सीकेआर सुजीत कुमार, डीआइजी सशस्त्र रेंज कश्मीर शाहिद मेहराज, एसपी पूर्वी श्रीनगर शहर शिव राम, सीबीके श्रीनगर सुहैल मीर और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।