ग्रामीणों में रोष, लोक निर्माण विभाग पर लगाया सरकारी फंड को बर्बाद करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। पक्की करने बाद फिर से बडियाल काजियां-बाजेचक सड़क बदहाल हो गई है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही बरतने, सड़क के किनारे नालियां नहीं बनाने और सरकारी फंड को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। साथ ही जल्द कदम नहीं उठाने पर एक्सईएन कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीण ओम प्रकाश, त्रिलोक सिंह, कैप्टन वरयाम सिंह, राज कुमार और रेखा देवी ने बताया कि सड़क के दोनों और नालियां नहीं बनाने से बार-बार टूट जाती है। इसके बावजूद विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। कई गांवों को जोड़ने वाला अहम संपर्क मार्ग होने के चलते दो माह पहले सड़क को पक्का किया गया था। बारिश होने पर सड़क तालाब बन चुकी है। इस कारण लोगों को आवागमन करने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से लीपापोती की जाती है। विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही है। अगर जल्द समस्या का समधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आरएएस पुरा में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन के कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।