आर्मी स्कूल मरालियां के पास दो चोरों ने रात दो बजे वारदात को दिया अंजाम
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, क्षेत्र में दहशत
लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। चोरों ने सोमवार देर रात को मीरां साहिब-बिश्नाह सड़क पर स्थित आर्मी स्कूल मरालियां के शटर तोड़ कर एक फीड की दुकान को निशाना बनाया है। यह वारदात कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो लोग चोरी करते हुए व सामान को वाहन में लोढ़ कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में दहशत है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रात्रि गश्त की मांग उठाई है। उधर, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
यह दुकान श्री गजानन चारा, खेल और फर्नीचर की है। दुकान के मालिक लवली शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोरों ने रात 2 बजे के करीब वारदात को अंजाम दिया है। दो चोर वाहन लेकर पहुंचे और वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए। इसके बाद दो किलोमीटर दूर चोरों ने समान वाहन से उतार कर ठिकाने लगाया है। चोरों ने दुकानों के बाहर लगे लैंप उतारने के साथ ही सीसीटीवी कैमरे बंद करने का भी प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। सीसीटीवी कैमरे में पुरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। सूचना के बाद मीरां साहिब पुलिस थाने में टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी मीरां साहिब भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों चोरों की शिनाख्त की गई है। एक टीम का गठन कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मरलिया पंचायत के पूर्व सरपंच किशोर कुमार ने बताया कि दिन प्रतिदिन क्षेत्र में चोरियों की वारदात में बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए प्रशासन को रात को पुलिस की गश्त बढ़ानी चाहिए। स्थानीय ग्रामीण सूबेदार बाबा राम ने बताया कि कई दिनों से चोरियां होने से लोगों में दहशत है।