किसानों ने विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। रणबीर नहर की सफाई जारी है, लेकिन ठेकेदार की ओर से लीपापोती करने पर ग्रामीणों में रोष है। टाली मोड मीरां साहिब पटरी के लोगों विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हें।
लोगों ने बताया कि गत वर्ष नहर की सफाई कर नहर किनारे फेंके मलबे को नहीं उठाया था। इस बार फिर से उक्त स्थानों पर मलबा फेंका जा रहा है। स्थानीय निवासी एके सिंह परमवीर सिंह, रतन लाल, दलवीर सिंह और गुरचरण सिंह ने बताया कि जेसीबी मशीन से नहर की सफाई की जा रही है, जिससे नहर को नुकसान पहुंच रहा है। सही प्रकार से मलबा नहीं निकाला जा रहा है। नहर के किनारों पर लगे पेड़ों को तोड़ा जा रहा है। सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाए जाने के बाद भी मनमानी जारी है। किसान तरलोचन सिंह ने बताया कि हर बार रणबीर नहर की सफाई करने में लीपापोती की जाती है। इससे किसानों को सुचारू रूप से पानी की आपूर्ति नहीं होती है।
पूर्व सरपंच गुरचरण सिंह व पूर्व सरपंच रमेश कुमार ने बताया कि उक्त स्थान पर नहर का पुल खस्ताहाल है, जिसका निर्माण नहीं हो रहा है। मशीनों से सफाई के चलते नहर क्षतिग्रस्त हो रही है। सरकार द्वारा सफाई के लिए नहरों को दिसंबर में बंद किया जाता है, लेकिन फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में भी सफाई कार्य पूरा नहीं हुआ है।