-परिवार बोला-मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाए पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। गांव टिंडे कलां के बोध राज चौधरी का शव 20 दिन बाद जीएमसी जम्मू में मिला। बोधराज फ्लोरीकल्चर विभाग में नौकरी करते थे। वह 12 जनवरी को घर से ड्यूटी गए लेकिन वापस नहीं लौटे। परिवार ने मीरां साहिब थाने में 14 जनवरी को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उनकी हर जगह तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने हाल ही में लुक आउट नोटिस भी जारी किया था। फोटो और डिटेल पुलिस थानों में साझा की थी। परिवार तलाश में पंजाब तक गए थे। रविवार को बोधराज का शव जीएमसी अस्पताल में पड़ा होने की सूचना मिली। परिवार यहां पहुंचा तो पता चला कि शव 12 जनवरी से यहां पड़ा है। परिजनों ने कहा कि इतने दिन सूचना क्यों नहीं दी गई। बोध राज का पर्स गायब है। आखिरी समय में उनके पास 40 से 50 हजार रुपये थे। उन्होंने मामले में साजिश की आशंका व्यक्त की है। परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।