विभागीय स्टालों के जरिये ग्रामीणों को केंद्रीय योजनाओं के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। केंद्र सरकार की विकसित भारत संकल्प यात्रा का सोमवार को दबलैहड़ और रंगपुर सिद्धड़ा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। वहीं, विभिन्न विभागों की ओर से लगाए स्टाल के जरिये अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्रीय योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उनका लाभ उठाने की अपील की।
दबलैहड़ में आयोजित कार्यक्रम में डीडीसी सदस्य आरएस पुरा प्रो. गारू राम भगत मुख्य अतिथि थे। इस दौरान स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति, सड़क एवं भवन निर्माण आदि विभागों की तरफ से लगाए गए स्टालों के जरिये ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। स्थानीय लोगों ने समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उजागर कर निदान की अपील की।
डीडीसी सदस्य ने कहा कि पंचायत स्तर तक लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के मकसद से सरकार द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू की गई है। सरकार की तरफ से कई योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका लोग लाभ उठा रहे हैं। केंद्र नीत भाजपा सरकार का मकसद है देश को 2047 तक विकसित करना है, जिसके लिए लगातार प्रयास जारी हैं। सरपंच हजारा सिंह ने कहा कि सरकार के प्रयासों के कारण आज हर सरकारी विभाग का अधिकारी पंचायत में पहुंच कर लोगों की समस्याएं सुन रहा है। नोडल अधिकारी राजेश पाधा ने बताया कि आगामी दिनों में विकसित भारत संकल्प यात्रा अन्य पंचायत में पहुंचेगी। इस मौके पर अजय शर्मा, जंग बहादुर सहित पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।