सड़क हो रही क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों की आवाजाही हो रही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। गांव कल्याण कोठे में नहर की लीकेज के चलते सड़क की हालत खराब हो गई है। इससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित है। तकरीबन 20 गांवों के लोग इस मार्ग से अरनिया और बिश्नाह कस्बे को जाते हैं। इस मार्ग से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना है। लेकिन, नहर की लीकेज से करीब 300 मीटर सड़क बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
सड़क पर पानी खड़ा हो जाने से बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क की हालत इतनी दयनीय है कि दोपहिया वाहन हादसे का शिकार हो रहे हैं। सड़क पर गड्ढे हो जाने से उनमें पानी खड़ा होता है। लेकिन, सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग इसका संज्ञान नहीं ले रहे। हर साल नहर की लीकेज के चलते सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है। फिर दोबारा से टेंडर कर सड़क की मरम्मत करवाई जाती है। जब फिर से नहर सुचारू होती है, तो हालत पहले जैसे बन जाते हैं। लोक निर्माण विभाग ने 8 महीने पहले ही सड़क की मरम्मत करवाई है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया जाता है, परंतु हर साल ऐसे ही हालात होते हैं।
पंच बाबूराम ने बताया कि हर बार नहर की समस्या को उजागर किया जाता है, परंतु नहर की लीकेज से ऐसे हालात बन जाते हैं कि सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है। सिंचाई विभाग के अधिकारी को भी कई बार बताया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उसकी मरम्मत करवा देते हैं। लेकिन, इस समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। दोनों विभाग सरकारी फंड को बर्बाद कर रहे हैं। मरम्मत कार्य के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाए गए।
ग्रामीण सुनील कुमार ने बताया कि व्यापार के लिए अरनिया कस्बे में रोजाना आना-जाना है। बारिश के चलते एक नाले का जलस्तर बढ़ जाने से लोहे का अस्थायी पुल पहले ही डूब चुका है। दूसरी ओर इस मार्ग से होकर अरनिया जाना पड़ता है। परंतु, इस मार्ग की हालत दयनीय है। दोपहिया वाहन पर सामान लाते हुए कई बार गिर चुके हैं। सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को इस समस्या का समाधान करना चाहिए।
-
नहर की मरम्मत का काम धान की फसल पकने के बाद कराया जाएगा। इससे नहर की लीकेज की समस्या खत्म कर दी जाएगी
- ईशान सैनी, जेई, सिंचाई विभाग
-
जल्द क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर का दौरा करवाया जाएगा और समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
- विकेश कुमार, अस्सिटेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, लोक निर्माण विभाग