संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। ज्यौड़ियां-पलांवाला मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का वादा ग्रामीणों के लिए सपना बन गया है। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच इस महत्वपूर्ण मार्ग की दयनीय हालत प्रशासन की सुस्ती को बयां कर रही है। 16-18 किलोमीटर लबीं सड़क सीमावर्ती गांवों को अखनूर और जम्मू शहर से जोड़ती है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हैं। लोग इस सड़क पर सफर करने से कतराते हैं। बस चालकों और वाहन मालिकों का कहना है कि उनकी गाड़ियां जर्जर सड़क से खराब हो रही हैं। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस का गुजरना मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को हर दिन इस मुसीबत का सामना करना पड़ता है। प्रशासन की ओर से समय-समय पर ग्रामीण कनेक्टिविटी सुधारने के दावे किए जाते हैं लेकिन इस मार्ग पर ये दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रदर्शन के बाद भी प्रशासन से केवल आश्वासन ही मिलता रहा है। एसडीएम सतीश कुमार शर्मा ने कहा कि इस सड़क का चौड़ीकरण करने के लिए ग्रेफ विभाग को कई दफा लिखित में सुचित किया गया है।