संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। पंचायत ढोक खालसा के सात वार्ड हैं। इनमें वार्ड-1 की सभी गलियों की हालत जर्जर है। ग्रामीण कुलदीप शर्मा, रवि कुमार, कृष्ण कुमार आदि ने बताया कि विधानसभा चुनाव के समय मोहन लाल भगत (विधायक) ने गलियों का निर्माण करने का वादा किया था लेकिन चुनाव को जीतने के बाद विधायक ने वार्ड की कोई सुध नहीं ली। वार्ड के लोगों ने अपनी बिरादरी का नाम नहीं लेते हुए बताया कि विधायक वार्ड के लोगों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। लोगों के अनुसार मोहल्ले की गलियां लोक निर्माण विभाग के अधीन हैं। वर्ष 2005 में गलियों को तारकोल डालकर पक्का किया गया था। अब गलियों से कंकर बाहर निकल आए हैं। पूर्व सरपंच कालीदास ने बताया कि कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। गलियों की मरम्मत के लिए कई बार अधिकारियों से मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके सुध नहीं ली जा रही है।