लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के सामने जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। धन्ना जलारा में घार और मजूर पंचायतों को जाने वाली सड़क धंस जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क तीनों पंचायतों को जोड़ती है और सैकड़ों परिवारों के आने जाने का एकमात्र रास्ता है।
शनिवार को स्थानीय लोगों ने सड़क को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के सामने विरोध दर्ज करवाया। बताया कि लगभग 10-12 वर्ष पूर्व यहां एक कच्चे मार्ग का निर्माण किया था जो तीन पंचायतों घार, धन्ना जलारा और मजूर को जोड़ता था। 2014 में इस सड़क को बचाने के कुछ क्रेट डाले गए थे। लेकिन, उसके बाद से लगातार सड़क की हालत खस्ता होती गई, और किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने इसकी सुध नहीं ली। कुछ समय पूर्व सड़क को सहारा देने के लिए बनाई सुरक्षा दीवार टूट जाने से सड़क पूरी ढह गई है। इससे सैकड़ों परिवारों का संपर्क मुख्य मार्ग से टूट गया है।
स्थानीय यश पाल ने बताया कि धार पंचायत के वार्ड छह में 40 से 50 घर ऐसे हैं जिनके लिए कोई सड़क नहीं है। करीब 10 वर्ष पूर्व कच्ची सड़क से छोटी गाड़ियां आती थी, किंतु अब 4 से 5 किलोमीटर पैदल सफर तय कर कोई गाड़ी मिलती है। क्षेत्र में किसी के बीमार होने पर उसे कंधों पर उठा मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। सूलियां, सिमटी, सत्तर, अम्बलियां, कोला, कोखरा में सैकड़ों परिवार हैं, जिन्हें आज भी सड़क न होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। धन्ना जलारा पंचायत में वार्ड 3 के पंच बिशन दास ने कहा कि अगर यह सड़क बनती है तो तीन पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ पहुंचेगा। इस सड़क की खस्ता हालत को लेकर कई बार विभाग से गुहार लगाई, किंतु किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई।
लोगों ने जल्द सड़क मार्ग बनाने की मांग की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर जल्द इस संदर्भ में कुछ नहीं हुआ तो वे उपायुक्त के दफ्तर में इस मामले को उठाएंगे।
-
बारिश के कारण सुरक्षा दीवार टूटी और सड़क को नुकसान हुआ। हमने मौके पर जाकर उसकी समीक्षा की और जल्द इसकी बहाली के लिए योजना बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। फिलहाल सुरक्षा दीवार को दोबारा बनाकर कच्चा मार्ग बहाल करना प्राथमिकता है। उसके बाद किसी परियोजना के अंतर्गत पक्की सड़क बनाने का कार्य रखा जाएगा।
- अंग्रेज सिंह, सहायक कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग