पुरमंडल। क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई संपर्क मार्ग बाधित हैं। बड़ाक्षेत्र के पास सड़क टूटी और कच्ची होने से फिसलन बढ़ गई है। इससे मंडल-उत्तरवाहिनी संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो चुका है। क्षेत्र के कई गांवों का जिला मुख्यालय सांबा, विजयपुर और अन्य इलाकों से संपर्क टूट गया है। मजबूरी में लोगों को सांबा या विजयपुर जाने के लिए बड़ी ब्राह्मणा होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि मंडल–उत्तरवाहिनी संपर्क मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाए। क्षेत्र में बीते 24 घंटों से बिजली आपूर्ति ठप है। घरों में इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं। लोगों का कहना है रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ मोबाइल संचार और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित है। संवाद