बठिंडी में दुर्घटना, दुर्घटना में दो पहिया वाहन और दुकानें ध्वस्त।
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। बठिंडी के विधाता नगर इलाके में वीरवार शाम अनियंत्रित टिप्पर दीवार से जा टकराया। इसकी चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ीं तीन स्कूटी और दो मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में टिप्पर चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल की पहचान देसराज (60) आरएस पुरा के रूप में हुई है। टिप्पर निर्माण सामग्री से लदा था। शाम साढ़े पांच बजे विधाता नगर में अचानक से जोरदार आवाज आई। लोग दुकानों और घरों से बाहर आ गए। अफरा-तफरी मच गई। तभी लोगों ने देखा कि सड़क पर धूल ही धूल फैली हुई है। दीवार टूटी है व स्कूटी, मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त पड़े हैं। सामने एक टिप्पर पलटा हुआ था। लोगों ने तुरंत चालक को बाहर निकाला। वह गंभीर रूप से घायल था। उसे जीएमसी पहुंचाया गया। बठिंडी पुलिस को सूचित किया गया। चश्मदीद अफजल ने बताया कि वह पैदल गुजर रहा था। ऐसा लग रहा था कि टिप्पर की ब्रेक फेल हो गई है। ड्राइवर पीछे से ही काफी चिल्ला रहा था। इससे पहले की कुछ समझ आता टिप्पर जा कर सीधा दीवार से टकरा कर पलट गया। दुकानदार मुनीर का कहना आवाज इतनी जोर से आई मानों कोई धमाका हो गया हो। आसपास के लोग भी यहां इकट्ठा हो गए। बठिंडी पुलिस के अनुसार किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। मामला दर्ज कर लिया गया है। .