बिश्नाह के कोठी मोड वार्ड 6 में बुधवार दोपहर 2 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
बाजार में सामान खरीदने जा रही थी महिला, अज्ञात वाहन ने मार दी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। बिश्नाह के कोठी मोड वार्ड 6 में बुधवार दोपहर 2 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई और मां के कंधे पर गंभीर चोट लगी है। डेढ़ साल की मासूम बच्ची की पहचान निया पुत्री नीरज सिंह के रूप में हुई है।
हादसे की जानकारी देते हुए दीपक सिंह उर्फ विक्की ने बताया कि उनकी बहन लक्ष्मी डेढ़ साल की बेटी निया के साथ कुछ दिन पहले मायके आई थी। वीरवार को ससुराल वापस जाना था। बुधवार को लक्ष्मी जब अपनी डेढ़ साल की बेटी को लेकर बाजार से कुछ सामान लेने घर से बाहर निकली तभी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। वाहन की रफ्तार इतनी जोरदार थी कि लक्ष्मी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद मासूम बच्ची निया दूर जा गिरी और उनकी बहन लक्ष्मी के कंधे में गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में निया और लक्ष्मी को बिश्नाह उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद निया को शालामार अस्पताल जम्मू रेफर कर दिया। शालामार अस्पताल जाते वक्त रास्ते में ही मासूम बच्ची की मौत हो गई। निया की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। निया के पिता आर्मी के जवान है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। निया के मामा दीपक सिंह ने बताया कि इस सड़क पर पहले भी तेज रफ्तार के कारण कई सड़क हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क के बीच दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर बनाने की गुहार लगाई है। वहीं परिवार और वार्ड के स्थानीय लोगों ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। बिश्नाह पुलिस ने निया के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।