उपायुक्त ने की पुरमंडल-उत्तरवाहिनी में अमावस उत्सव की तैयारियों की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला के धार्मिक स्थल पुरमंडल व उत्तरवाहिनी में अमावस उत्सव को लेकर उपायुक्त अभिषेक शर्मा व एसएसपी बेनाम तोश ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि एएसपी (यातायात) सांबा पूरे महोत्सव के दौरान भीड़भाड़ से बचने और मंदिर के पास उचित स्थान पर वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करने और यातायात को सुनियोजित करने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कार्यकारी अभियंता जल शक्ति विभाग मंदिर और उसके आसपास व पार्किंग स्थल पर पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें। कार्यकारी अभियंता बिजली विभाग डिवीजन विजयपुर और एसटीडी जम्मू को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा कर्मियों की उचित तैनाती करने और मंदिर परिसर में डिग्री कॉलेज पुरमंडल की एनएसएस इकाई, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों की सेवाओं का उपयोग करने के लिए कहा गया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी औषधालयों और अस्पतालों में चौबीसों घंटे डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा। पुरमंडल व उत्तरवाहिनी में जहां बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, वहां एक अतिरिक्त एम्बुलेंस और प्राथमिक चिकित्सा टीम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कार्यकारी अभियंता सड़क एवं भवन निर्माण को उत्तरवाहिनी की ओर जाने वाली सड़क की मरम्मत करने को कहा। सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को त्योहार के दौरान पुरमंडल के लिए बसों की संख्या बढ़ाने और उचित स्थानों पर वाहनों की पार्किंग का विनियमन करने का निर्देश दिया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरिंसर-मानसर विकास प्राधिकरण को शौचालय परिसर का रखरखाव करने को कहा। इसी प्रकार अन्य विभागों के अधिकारियों को भी उनके काम सौंपे। उत्सव के लिए तहसीलदार बाड़ी ब्राह्मणा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।