भद्रवाह। डिस्ट्रिक्ट इंस्टीट्यूट आफ एजूकेशन एंड ट्रेनिंग (डाइट) डोडा के 8वीं के परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित हो गए हैं। इसमें भद्रवाह की साहिबा फातिमा ने 100 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वह डॉक्टर बन समाज सेवा करना चाहती है। डाइट डोडा द्वारा आयोजित 8वीं की परीक्षा में कुल 8482 छात्रों ने भाग लिया था, जिसमें 99.9 प्रतिशत छात्र उतीर्ण हुए। इनमें सरकारी स्कूलों के नौ छात्रों ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इनमें से भद्रवाह की साहिबा फामिता भी शामिल हैं। वह एक गरीब परिवार से सबंधित हैं और मां के साथ अकेली रहती हैं। अल्प संसाधन होने के बावजूद 200 में से 200 अंक प्राप्त कर साहिबा फातिमा ने जिला डोडा में शीर्ष स्थान हासिल किया है। 14 वर्षीय साहिबा फातिमा ने सभी विषयों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। मोहल्ला सेरी बाजार की रहने वाली साहिबा का कहना है कि उन्हें अपनी मां से प्रेरणा मिलती है, जिन्होंने इस साल अक्टूबर में ऑल इंडिया रेडियो भद्रवाह में कैजुअल स्टाफ की नौकरी छूटने के बाद कपड़े सिलने का काम शुरू किया है। साहिबा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां राबिया शौरा को दिया।