अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मंडलायुक्त रमेश कुमार ने शनिवार को एमए स्टेडियम में यूटी स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक विभाग द्वारा की जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। विभागाध्यक्षों को मरम्मत कार्य, सफेदी, पार्किंग, स्वच्छता, सजावट, सुरक्षा और उचित जांच के बाद जनता के लिए कार्यक्रम स्थल में सुविधाजनक प्रवेश सहित सभी संबंधित व्यवस्थाएं करने का निर्देश दिया।
प्रत्येक विभाग प्रमुख को गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों के सावधानीपूर्वक समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा गया। आम जनता को स्टेडियम तक लाने-ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक प्रवेश बिंदुओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। निर्बाध तैयारी और परेशानी मुक्त उत्सव सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापना के निर्देश दिए गए।
एनसीसी शिविर शुरू, जेएंडके-लद्दाख के 122 कैडेट सीख रहे लीडरशिप
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) गणतंत्र दिवस शिविर 30 दिसंबर से करियप्पा परेड ग्राउंड दिल्ली कैंट में शुरू हो गया। इसमें 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के 2274 कैडेट एक महीने तक चलने वाले शिविर में भाग ले रहे हैं, जिनमें 907 महिला कैडेट हैं। शिविर में यूटी जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 122 और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के 171 कैडेट लीडरशिप और चरित्र निर्माण सीख रहे हैं।
यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत शिविर में 25 मित्र देशों अर्जेंटीना, बोत्सवाना, भूटान, ब्राजील, चेक गणराज्य, फिजी, कजाकिस्तान, केन्या, किर्गिस्तान, लाओस, मलयेशिया, मालदीव, नेपाल, रूस, सऊदी अरब, सेशेल्स, ताजिकिस्तान, यूके, वेनेजुएला, वियतनाम, श्रीलंका, सिंगापुर, नाइजीरिया, मॉरीशस और मोज़ाम्बिक के कैडेट और अधिकारी शामिल हैं।
डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीर पाल सिंह ने कैडेटों से शिविर की प्रत्येक गतिविधि का लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने उन्हें राष्ट्र प्रथम की भावना में धर्म, भाषा, जाति की बाधाओं को पार करते हुए चरित्र, ईमानदारी, निस्वार्थ सेवा, लीडरशिप और टीम वर्क के उच्चतम गुणों को प्रदर्शित करने की सलाह दी।