- श्रद्धालुओं ने भगवान नृसिंह के दर्शन कर मेला घूमने का लिया आंनद
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। घगवाल के नृसिंह देव मंदिर में रथखड़ा मेले में शुक्रवार सुबह कोहरे और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले में पहुंचे लोगों ने भगवान नृसिंह के दर्शन कर मेले में जमकर खरीदारी की। इससे दुकानदारों के भी चेहरे खिल उठे हैं। बनी से आए रौनक राम ने बताया कि वह गर्म शाॅल लेकर आए हैं। मेले में अच्छी बिक्री हुई है। 500 से लेकर 2000 तक के गर्म शाॅल हैं। इन्हें भेड़ की ऊन से बनाया है। बिलावर से आए दुकानदार रतन ने बताया कि वह लोहे के कस्सी, दराट, दातरी बनाकर लाए हैं। उनके सामान की अच्छी मांग रहती है। वह हर साल अपना सामान लेकर मेले में आते हैं। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम केएस बाली ने मंदिर परिसर में पहुंचकर प्रबंधों का जायजा लिया। वह मंदिर कमेटी के सदस्यों से भी मिले। पुलिस अधिकारियों ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था को जांचा। मंदिर परिसर के चारों ओर पुलिस का कड़ा पहरा है। मंदिर की ओर आने वाले सभी रास्ते पर बैरिकेड लगाए गए हैं। शाम को भी बड़ी संख्या में लोग मेला देखने पहुंच रहे हैं। रंग-बिरंगी लाइटों से सजा मंदिर परिसर अलग ही छटा बिखेर रहा है। ठंड के बावजूद मेले में रौनक बनी हुई है।