बाबा खाटू श्याम जागरण, महा रुद्र यज्ञ और राम कथा होंगे मुख्य आकर्षण, हर दिन लगेगा भंडारा
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर अखनूर में धार्मिक उल्लास का माहौल बनने लगा है। इसी क्रम में प्राचीन कामेश्वर मंदिर में शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों को लेकर महंत रामेश्वर दास ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता की। महंत ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव सात से 17 फरवरी तक चलेगा। इसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। महोत्सव के दौरान बाबा खाटू श्याम का भव्य जागरण होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। इसके अतिरिक्त महा रुद्र यज्ञ का होगा जिससे क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की जाएगी। हर दिन भंडारा लगाया जाएगा। कथावाचक डॉ. सत्य नारायण राम कथा करेंगे। महंत ने बताया कि अखनूर में बाबा खाटू श्याम के दर्शन का विशेष महत्व है और यहां दर्शन करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।