- धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष ट्रस्टी ने जम्मू-कश्मीर की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की
- वार्षिक मेले के लिए सुविधाओं का लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष ट्रस्टी डॉ. कर्ण सिंह ने मंगलवार को गांदरबल जिले के तुलमुला गांव में माता खीर भवानी मंदिर का दौरा किया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर जम्मू-कश्मीर में शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने 14 जून को मंदिर में वार्षिक मेले के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।
डॉ. कर्ण सिंह का धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रिगेडियर आरएस लंगेह और अन्य सदस्यों ने स्वागत किया। इसके साथ ही उन्हें तीर्थ स्थल में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। डॉ. सिंह ने केंद्र सरकार से विशेष अनुदान द्वारा समर्थित कार्यों के साथ-साथ धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से संचालित विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर पर इन सुधारों के सकारात्मक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए विकास प्रयासों की प्रगति और गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। डॉ. कर्ण सिंह ने वार्षिक मेले की व्यवस्था की समीक्षा की और तीर्थयात्रियों के लिए जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट व प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रस्ट के कर्मचारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने माता खीर भवानी तीर्थ स्थल की सुव्यवस्थित स्थिति पर संतोष व्यक्त किया, जो देश भर से आने वाले भक्तों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है। डॉ. सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट हमारे पवित्र विरासत स्थलों को संरक्षित और बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, हम यह सुनिश्चित करने के लिए समर्पित हैं कि यह पूजा स्थल लोगों की आध्यात्मिक जरूरतों को पूरा करते रहें।