जम्मू। शीतला माता मंदिर प्रबंधन और भक्तों ने रविवार को रघुनाथ मंदिर से धार्मिक रीति-रिवाज के साथ शोभायात्रा निकाली। भक्तों ने मां शीतला की महिमा का गुणगान किया। मां के जयकारे लगाते हुए भक्तों ने गाल और शरीर के अन्य अंगों को त्रिशूल से भेदकर मां के रथ को खींचा। झांकी में मां के स्वरूप कन्या को बिठाया गया। यह शोभायात्रा श्री रघुनाथ मंदिर से शुरू हुई जो सिटी चौक, पुरानी मंडी, लिंक रोड, चौक चबूतरा, परेड, मोती बाजार, कच्ची छावनी से होते हुए डोगरा हाल पहुंची। डोगरा हॉल में पहुंचने के बाद भक्तोें ने 21 फुट तक बनाए गए अग्निकुंड में नंगे पैर प्रवेश भी किया। भक्तों की आस्था को देखने के लिए डोगरा हॉल और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। देर रात तक कार्यक्रम जारी रहा। धार्मिक मान्यता के अनुसार त्रिशूल से शरीर के प्रमुख अंगों को भेदने से शीतला माता बुरी नजर और दुखदर्द से बचाती हैं। भक्तों ने मां शीतला से कोरोना महामारी से मुक्ति की कामना की।