संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर के शक्ति नगर से मंगलवार को बैंड-बाजे के साथ भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में भक्तों ने हरे रामा-कृष्णा का जाप और भजन-कीर्तन कर प्रभु की महिमा का गुणगान किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने प्रभु का आशीर्वाद लिया। राधाकृष्ण की मनमोहक झांकी भी देखने को मिली, जिसको विक्रम नटरंग ने प्रस्तुत किया।
शाम चार बजे श्रीकृष्ण, बलराम जी और माता सुभद्रा की आरती की गई। पूर्व मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने नारियल फोड़कर रथयात्रा को रवाना किया। कैनाल रोड से रथयात्रा गेस्ट हाउस, निट्को लेन, गोल पुली, तालाब तिल्लो, पुंछ हाउस, पाटा बोहड़ी, से होते हुए द कश्मीर हिल्स रिजॉर्ट के पास संपन्न हुई। यात्रा हर साल इस्कॉन मंदिर की निकाली जाती थी, लेकिन इस बार यात्रा पहली राधागोविंद धाम से निकाली गई। भक्तों ने रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया। यात्रा आयोजक मदालसा देवी ने बताया कि जगह-जगह रंगोली बनाई गई थी। लंगर और छबीलें लगाई गईं। चंद्र मोहन गुप्ता ने कहा कि वह यात्रा में हिस्सा लेने के लिए हाउस की बैठकर छोड़कर आए हैं। यात्रा का मूल उद्देश्य युवा पीढ़ी को सनातन धर्म के बारे में बताना है।